Home Latest News & Updates पत्नी के जन्मदिन पर पति की मौत

पत्नी के जन्मदिन पर पति की मौत

by Live India
Odisha Crime News

ओडिशा अपराध समाचार: ओडिशा से एक हैरान कर देने वाली घटना की खबर सामने आई है. यहां एक इंजीनियर पति अपनी इंजीनियर पत्नी के जन्मदिन को एक खास और यादगार अंदाज में मनाना चाह रहा था. इसको लेकर वह अपनी पत्नी के जन्मदिन पर उसे सरप्राइज देने घर पहुंचा. लेकिन उसके बाद पति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. उसका शव कमरे में लटके हुए मिला.

वहीं, परिवार वालों ने इंजीनियर पति की संदिग्ध मौत को हत्या बताया है. परिवार वालों का आरोप है कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी संग मिलकर इंजीनियर पति की हत्या कर दी है. वहीं, पुलिस इस मामले में जांच कर रही है. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला,

कटक से पत्नी का जन्मदिन मनाने आया था रश्मिरंजन

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को पुलिस ने बताया कि ओडिशा के बालासोर जिले में एक 34 साल के इंजीनियर की मौत की जांच चल रही है. मृतक के परिवार का आरोप है कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी की मदद से उसकी हत्या कर दी. मृतक रश्मिरंजन सेठी जगतसिंहपुर जिले का रहने वाला था और कटक में इंजीनियर के तौर पर काम करता था. वह 16 जुलाई की रात अपनी पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए बालासोर में उसके किराए के घर आया था.

उसकी पत्नी, जो बालासोर में सरकारी इंजीनियर है, का दावा है कि उसने अपने पति का शव घर की छत से लटका हुआ पाया. वहीं, मृतक के भाई पृथ्वी कुमार सेठी की शिकायत के अनुसार, रश्मिरंजन अपनी पत्नी को उसके जन्मदिन पर सरप्राइज़ देने के लिए बालासोर गया था. जहां पत्नी का दावा है कि उसके पति ने आत्महत्या की, वहीं परिवार का आरोप है कि उसकी हत्या की गई.

एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर को लेकर झगड़े

शिकायत में पृथ्वी ने आरोप लगाया कि पत्नी के कथित एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे. भाई पृथ्वी ने दावा किया कि यह मौत एक सुनियोजित हत्या थी. उन्होंने आरोप लगाया, “हमें 16 जुलाई की देर रात मेरे भाई की पत्नी का फोन आया जिसमें बताया गया कि उसने आत्महत्या कर ली है. हमें लगता है कि यह एक सुनियोजित हत्या थी.”

हत्या की संभावना से इनकार नहीं- पुलिस

घटना के बाद रश्मिरंजन को बालासोर जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शुरू में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है. परिवार की शिकायत मिलने के बाद, जांचकर्ताओं ने मृतक की पत्नी का बयान दर्ज किया, जो घटना के समय घर पर मौजूद थी.

सहदेवखुंटा पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर-इन-चार्ज आलोक कुमार बेहरा ने कहा कि पुलिस मौत का सही कारण पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. पुलिस अधिकारी ने कहा, “हम मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रहे हैं और हत्या की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है.”

53 साल के रिटायर्ड आर्मी मेजर को “हनी-ट्रैप” में फंसाकर ऐंठे लाखों, दो साल से कर रही थी ब्लैकमेल

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles