6
दिल्ली में सीआरपीएफ: राजधानी दिल्ली में इस समय माहौल गर्म है. एक तरफ कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन चल रहा है और दूसरी तरफ संसद का मानसून सत्र. 20 जुलाई को हुए बवाल के बाद केंद्र सरकार और चौकन्ना हो गई है. अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि केंद्र ने CJP के विरोध और अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों के प्रदर्शनों को देखते हुए सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए दिल्ली में CRPF की 20 और कंपनियों की तैनाती का आदेश दिया है. मंगलवार रात गृह मंत्रालय (MHA) द्वारा राष्ट्रीय राजधानी में तुरंत तैनाती का आदेश दिए जाने के बाद जवानों को पश्चिम बंगाल से एयरलिफ्ट किया जा रहा है.
एयरलिफ्ट करके बुलाई गई कंपनियां
सुरक्षा व्यवस्था के आधिकारिक सूत्रों ने PTI को बताया कि CJP के विरोध, अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों के प्रदर्शनों और चल रहे संसद सत्र को देखते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कोलकाता से CRPF की कुल 20 कंपनियों को एयरलिफ्ट करके दिल्ली में तैनात किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हाल के विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिंसक झड़पों की कई घटनाओं के कारण तुरंत तैनाती की जरूरत पड़ी है. उन्होंने कहा कि इन कंपनियों को कुछ महीने पहले पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनावों के लिए तैनात किया गया था और राज्य सरकार के अनुरोध पर उन्हें वहीं रहने के लिए कहा गया था.
2000 ज्यादा जवान तैनात
एक CRPF कंपनी में लगभग 100 जवान होते हैं, इस हिसाब से लगभग 2000 से ज्यादा जवान बंगाल से बुलाए गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध और 20 जुलाई से शुरू हुए संसद के मॉनसून सेशन को देखते हुए सुरक्षा बढ़ाने के लिए केंद्र ने दिल्ली पुलिस को CRPF और उसकी खास दंगा-रोधी यूनिट रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की करीब 30 कंपनियां दी हैं.
अब तक क्या कुछ हुआ
जंतर-मंतर पर एक करीब एक महीने से सीजेपी का प्रदर्शन चल रहा है. 20 जुलाई को सीजेपी समर्थकों ने जंतर-मंतर से संसद तक मार्च किया, जिसमें हिंसा भी हुई. समर्थकों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ ने भी पत्थरबाजी की. प्रदर्शन उग्र होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सीजेपी प्रवक्ताओं को मिलने के लिए बुलाया. अगले ही दिन किसानों ने दिल्ली की ओर कूच कर दिया. हालांकि पुलिस ने उन्हें बॉर्डर पर ही रोक लिया. अब भी जंतर-मंतर पर सीजेपी का प्रदर्शन जारी है. इसलिए, लगातार जारी प्रदर्शनों को कंट्रोल करना दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार के लिए चुनौती है.
CJP Protest: दिल्ली पुलिस ने दर्ज की 6 FIR, सीजेपी के ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान हुई थी हिंसा
समाचार स्रोत: पीटीआई
